हनुमानगढ़। जंक्शन एवं टाउन की अनाज मंडियों में मंगलवार से गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकारी खरीद का विधिवत सुचारू रूप से श्रीगणेश हो गया। हालांकि इससे पहले भी खरीद शुरू कर दी गई थी, लेकिन पोर्टल में आ रही तकनीकी खामियों के विरोध में सोमवार को व्यापारियों, किसानों व मजदूरों ने जिला कलक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया था। इसके बाद सरकार की ओर से विसंगतियों को दूर करने के बाद मंगलवार से खरीद प्रक्रिया फिर से सुचारू रूप से शुरू हो पाई। सबसे पहले जंक्शन और उसके बाद टाउन धानमंडी में किसानों की गेहूं फसल की एमएसपी पर खरीद शुरू की गई। दोनों मंडियों में तिलम संघ की ओर से गेहूं की खरीद की जा रही है। जंक्शन धानमंडी में किसान जसप्रीत सिंह की गेहूं की ढेरी से खरीद की शुरुआत की गई।

इस मौके पर नगर परिषद के पूर्व सभापति सुमित रणवां, विधायक प्रतिनिधि संतोष बंसल, फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन संस्था के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल, पदमचन्द जैन, प्यारेलाल बंसल, माकपा नेता रामेश्वर वर्मा, शेरसिंह शाक्य, आत्मा सिंह, रघुवीर वर्मा व किसान नेता अवतार सिंह बराड़ सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूर्व सभापति सुमित रणवां ने बताया कि सरकार ने टोकन प्रक्रिया को सरल बना दिया है और स्लॉट सिस्टम को समाप्त कर दिया गया है। साथ ही अन्य तकनीकी खामियों को भी दूर किया गया है। उन्होंने बताया कि अब मौके पर ही क्यूआई (क्वालिटी इंस्पेक्टर) की ओर से किसानों का पंजीकरण किया जाएगा, जिससे किसानों को राहत मिलेगी और खरीद प्रक्रिया तेज व पारदर्शी बनेगी।
