हनुमानगढ़। टाउन में बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गोशाला परिसर में अमावस्या के मौके पर मंगलवार को विशेष हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। फाटक गोशाला समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य बीमार, दुर्घटनाग्रस्त तथा असहाय गोवंश के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ गोशाला की निरंतर प्रगति और सेवा कार्यां को सुदृढ़ बनाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित रामप्रकाश शर्मा ने विधि-विधानपूर्वक वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया। हवन यज्ञ में मौजूद गोभक्तों ने आहुतियां अर्पित कर गोमाता के कल्याण की कामना की। गोशाला समिति अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि आगामी दिनों में गोशाला परिसर में ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि श्री बाबा खाटू श्याम जी की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा का आयोजन 18 फरवरी से 22 फरवरी तक फाटक गोशाला में किया जाएगा। कथा वाचन कथा व्यास केपी लाटा की ओर से किया जाएगा, जो मोरछड़ी दरबार पदमपुर के निज सेवक माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को बाबा खाटू श्याम जी की महिमा सुनने और भक्ति रस में सराबोर होने का अवसर मिलेगा। हवन यज्ञ में रजत शर्मा, कोमल पारीक, रेखा राजपुरोहित, मनोज पारीक, सरला गर्ग, माली देवी, ललिता खदरिया और मनीषा सहित अनेक गोभक्तों ने आहुतियां अर्पित कीं और गोवंश के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
