हनुमानगढ़। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रावतसर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल, मैगजीन और एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा और अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत रावतसर पुलिस थाना की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना प्रभारी ईश्वरानंद के नेतृत्व में एसआई शम्भूदयाल मय टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान कार नंबर एचआर 95-4047 को रुकवाया। तलाशी लेने पर कार सवार आरोपी रमनदीप (22) पुत्र मलकीत सिंह निवासी वार्ड नंबर 26, जनकल्याण कॉलोनी, सिरसा (हरियाणा) हाल जीवण नगर, डबवाली रोड जिला सिरसा से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच उपनिरीक्षक मुकेश कुमार को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई शम्भूदयाल, कांस्टेबल विकास व सुभाष शामिल रहे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल विकास व देवीलाल की विशेष भूमिका रही।
