हनुमानगढ़। शहर में पार्किंग शुल्क के नाम पर की जा रही वसूली के विरोध में आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को नगर परिषद प्रशासक को ज्ञापन सौंपकर इस व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से बंद करने की मांग की है। ज्ञापन में पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद की ओर से सौंदर्यकरण के नाम पर बनाए गए सार्वजनिक पार्कांे का निर्माण आम जनता के टैक्स के पैसे से किया गया है। इसके बावजूद अब पार्कांे में आने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित और आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ टाउन स्थित ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग आते हैं, वहां भी पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाता। इसी प्रकार कालीबंगा क्षेत्र के पुरातात्विक स्थलों पर भी पार्किंग के नाम पर कोई वसूली नहीं होती। यहां तक कि जयपुर सहित बड़े शहरों में भी सार्वजनिक पार्कांे में पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाता। लेकिन टाउन क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास विकसित किए गए पार्क के बाहर नगर परिषद द्वारा बैरिकेडिंग कर पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है, जबकि संबंधित स्थान राज्य हाइवे नंबर 7 का हिस्सा है। पार्टी ने इसे अवैध अतिक्रमण करार देते हुए कहा कि यदि पार्किंग व्यवस्था करनी है तो इसके लिए नगर परिषद अपनी निर्धारित भूमि पर अलग से स्थान चिन्हित करे। पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने आरोप लगाया कि एक ओर नगर परिषद पार्कांे के रख-रखाव के लिए धन की कमी का हवाला देती है, वहीं दूसरी ओर उसकी करोड़ों रुपए की बेशकीमती जमीन के दुरुपयोग के मामले सामने आ रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ज्ञापन में बताया गया कि पार्क आमजन के स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए बनाए जाते हैं, जहां बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और विद्यार्थी सुबह-शाम समय बिताने आते हैं। लेकिन पार्किंग शुल्क के कारण उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग केवल वाहन खड़ा करने के लिए पैसे देने से बचने के लिए पार्क में आना ही कम कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि पार्किंग शुल्क की यह व्यवस्था शीघ्र बंद नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी।
