हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त एवं जिला कलक्टर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी विभाग ने जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी निरोधक दल जोन बीकानेर के उपायुक्त पोमाराम के नेतृत्व में 16 मार्च से 31 मार्च तक चल रहे अभियान के अंतर्गत आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रेड कर कई स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट और हनुमानगढ़ टाउन सहित विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर करीब पांच हजार लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वॉश) नष्ट किया गया।

साथ ही 8 कच्ची भट्ठियों को भी तोड़कर नष्ट किया गया और 8 प्रकरण दर्ज किए गए। इस कार्रवाई में भादरा प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार, हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह और जमादार हुसैन खान सहित आबकारी टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक कुल 10 अभियोग दर्ज कर करीब सात हजार लीटर लाहन नष्ट किया जा चुका है। चालू वित्तीय वर्ष में विभाग की ओर से अब तक 590 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अवैध हथकढ़ शराब की कशीदगी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से लगातार रेड व गश्त की जा रही है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
