हनुमानगढ़। निर्जला एकादशी के मौके पर ईडीएस आरोग्य परिवार ने समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देते हुए शुक्रवार को विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया। संस्था की टीम ने ईंट भट्ठों एवं विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर जरूरतमंद महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आयुर्वेदिक टॉनिक वितरित किए तथा बच्चों को आम बांटकर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। इसके साथ ही गौशाला में पहुंचकर गौवंश के लिए हरे चारे की सेवा भी की गई। इस मौके पर ईडीएस आरोग्य के प्रबंधक डॉ. राहुल कुमार ने कहा कि निर्जला एकादशी पर भोजन और जल का दान करना अत्यंत पुण्य का कार्य है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के स्वास्थ्य की चिंता करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं संसाधनों के अभाव में समय पर उपचार नहीं करा पातीं। स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की आधारशिला होती है, इसलिए उनके स्वास्थ्य के प्रति समाज को संवेदनशील होना चाहिए। कार्यक्रम में वीएम गर्ल्स स्कूल की प्राचार्य डॉ. संजू गाडिया, डॉ. ज्योति यादव, रेखा, सीमा, पूनम सहित अन्य सहयोगियों ने सहभागिता निभाई। ईडीएस आरोग्य परिवार की इस सेवा पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। निर्जला एकादशी के मौके पर सेवा, स्वास्थ्य और मानवता का यह संदेश सभी के लिए अनुकरणीय रहा।
