– क्वालिटी सर्टिफाइड केन्द्र को मिलेगा 2.16 लाख रुपए वार्षिक प्रोत्साहन लगातार 3 वर्ष तक
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन सर्टिफिकेशन (एनक्यूएएस) के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र उत्तमसिंहवाला को सफलतापूर्वक प्रमाणन प्राप्त हुआ है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के मार्गदर्शन में जिले में गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पूर्व जिले में 55 चिकित्सा संस्थान एक्टिव क्वालिटी सर्टिफाइड थे, वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र उत्तमसिंहवाला के प्रमाणित होने से अब यह संख्या बढ़कर 56+5 हो गई है। डॉ. शर्मा ने बताया कि एनक्यूएएस के अंतर्गत नेशनल सर्टिफाइड चिकित्सा संस्थान आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपस्वास्थ्य केन्द्र उत्तमसिंह वाला को 2.16 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रति वर्ष प्राप्त होगी। उन्होंने इस उपलब्धि पर उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश शर्मा एवं रावतसर बीसीएमओ एवं एनक्यूएएस नोडल अधिकारी डॉ. मनिन्द्र सिंह सहित स्वास्थ्य स्टाफ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश शर्मा ने बताया कि इस प्रमाणन प्रक्रिया में जिला क्वालिटी टीम सदस्य आयुष्मान नेशनल असेसर एवं नर्सिंग ऑफिसर धर्मपाल छिंपा, इंटर्नल एसेसर एवं फार्मासिस्ट सन्नी ग्रोवर, इंटर्नल एसेसर एवं बीपीओ कृष्ण टाक, सीएचओ संजय सिराव सहित संबंधित ब्लॉक टीम सदस्यों और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से सराहनीय योगदान दिया गया। उन्होंने बताया कि खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी हनुमानगढ़ डॉ. कुलदीप बराड़ के निर्देशन, ब्लॉक क्वालिटी टीम एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र उत्तमसिंह वाला के समस्त स्टाफ के सामूहिक प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सर्टिफिकेशन प्राप्त किया जा सका।
अब तक 61 चिकित्सा संस्थान एनक्यूएएस सर्टिफाइड
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में अब तक जिला चिकित्सालय सहित 61 चिकित्सा संस्थान एनक्यूएएस सर्टिफाइड हो चुके है जिनमें से 56 एक्टिव सर्टिफाइड हैं, वहीं 5 चिकित्सा संस्थान कंडीशनिलिटी सर्टिफाइड हैं। जिले के 4 अन्य चिकित्सा संस्थानों का नेशनल असेसमेंट हो चुका है जिनका परिणाम बकाया है, जो एनक्यूएएस सर्टिफाइड होकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में जिले की नई पहचान बनेंगे। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रावतसर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र संगरिया ने मुस्कान नेशनल सर्टिफिकेशन प्राप्त कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का प्रमाणन हासिल किया है।
