– जिला कलक्टर की अध्यक्षता में हुई वार्ता में सिंचाई विभाग ने दिया लिखित आश्वासन, आरडी 496 इंदिरा गांधी फीडर का पोंड लेवल 18.2 फीट रखने पर भी सहमति
हनुमानगढ़। राजस्थान कैनाल की आरडी 496 लौहगढ़ हेड पर पोंडिंग कर जैसलमेर-बाड़मेर तक पानी पहुंचाने की कवायद के विरोध में शनिवार को भाखड़ा नहर क्षेत्र के किसानों ने जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने भाखड़ा की सादुल एवं करणी सिंह ब्रांच के हिस्से के 1200 क्यूसेक पानी में किसी तरह की कटौती अथवा छेड़छाड़ नहीं करने की मांग उठाई। किसानों के प्रदर्शन के बाद जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में किसान प्रतिनिधियों और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। वार्ता में किसानों की मांग पर सिंचाई विभाग की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि सादुल ब्रांच एवं करणी सिंह ब्रांच के लिए 1200 क्यूसेक पानी की आपूर्ति रेग्यूलेशन के अनुसार निर्बाध रूप से जारी रखी जाएगी। साथ ही आरडी 496 इंदिरा गांधी फीडर का पोंड लेवल 18.2 फीट रखने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद किसानों का आक्रोश शांत हुआ।

शनिवार दोपहर 1 बजे जिला कलक्ट्रेट सभागार में हुई वार्ता में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता, भाखड़ा रेग्यूलेशन अधिशासी अभियंता सहित किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग से विचार-विमर्श के बाद विभाग की ओर से यह सहमति व्यक्त की गई। इससे पहले किसानों को आरडी 496 पर पोंडिंग किए जाने की जानकारी मिलने पर विरोध शुरू हो गया। किसान प्रतिनिधियों के अनुसार शुक्रवार शाम सिंचाई विभाग की ओर से आरडी 496 पर पोंड तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर किसान प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पोंड तोड़ने का विरोध किया। किसानों का कहना था कि भाखड़ा क्षेत्र में सिंचाई के लिए निर्धारित 1200 क्यूसेक पानी में किसी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी। किसान प्रतिनिधि प्रो. ओम जांगू ने कहा कि रात में जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। कम समय में सूचना दिए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में भाखड़ा क्षेत्र के किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए नहरी पानी का मुद्दा बेहद महत्वपूर्ण है और पानी के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ होने पर किसान आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ता में विभाग की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों को समझाया गया है कि फिलहाल सहमति के अनुसार 1200 क्यूसेक पानी निर्बाध रूप से मिलता रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समझौते के बावजूद यदि पानी की आपूर्ति में किसी तरह की गड़बड़ी होती है तो किसान प्रतिनिधियों की ओर से आगामी निर्णय लिया जाएगा।
यह हुआ समझौता
वार्ता में मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग से विचार-विमर्श के बाद सादुल ब्रांच एवं करणी सिंह ब्रांच के लिए 1200 क्यूसेक पानी की आपूर्ति रेग्यूलेशन के अनुसार निर्बाध जारी रखने पर सहमति बनी। इसके साथ ही आरडी 496 इंदिरा गांधी फीडर का पोंड लेवल 18.2 फीट रखने पर भी सहमति व्यक्त की गई। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद किसानों ने अपना विरोध समाप्त किया। इस मौके पर किसान प्रतिनिधि केसी गोदारा, अशोक चौधरी, मुकेश कुमार, सुभाष मक्कासर, यादविन्द्र सिंह, गोपाल बिश्नोई, जगदीश, विक्रम गोदारा, मनदीप सिंह, गगनदीप आदि मौजूद रहे।
