ऐलनाबाद। ऐलनाबाद थाना पुलिस ने इनवर्टर बैटरी चोरी की वारदात को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी से पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव नीमला निवासी राजाराम पुत्र बीरबल ने 19 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके फिलिंग स्टेशन से दो इनवर्टर बैटरियां अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गईं। शिकायत के आधार पर थाना ऐलनाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जुगल सिंह उर्फ राजू पुत्र सतवीर सिंह, निवासी गांव घोड़ावाली (हाल श्याम कॉलोनी, सुल्तानपुरी रोड, रानिया, जिला सिरसा) को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ऐलनाबाद थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिल, एक गैस सिलेंडर और दो इनवर्टर बैटरियां चोरी करने की वारदातें कबूल की हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, दो इनवर्टर बैटरियां और एक गैस सिलेंडर बरामद कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
