हनुमानगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने गुरुवार देर रात दो अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत जानी। एसपी ने जहां हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त का जायजा लिया, वहीं रावतसर में नाकाबंदी का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों को परखा। सबसे पहले एसपी ने रावतसर क्षेत्र में नाकाबंदी का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने वाहनों की चैकिंग प्रक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल का बारीकी से अवलोकन किया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा नाकाबंदी को और अधिक सख्ती से लागू किया जाए। निरीक्षण के दौरान रावतसर सीओ सुभाष गोदारा एवं रावतसर पुलिस थाना प्रभारी ईश्वरानंद सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इसके बाद एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र का भ्रमण कर नाइट गश्त और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न संवेदनशील पॉइंट्स पर पुलिस की मौजूदगी और सतर्कता को जांचा। एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि रात के समय संदिग्ध वाहनों की गहनता से जांच की जाए और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाए। निरीक्षण के दौरान हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई, यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा तथा उपनिरीक्षक गुलाब सिंह (आर्मोरर) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए रात्रिकालीन गश्त, नाकाबंदी और चैकिंग अभियान को लगातार सख्ती से जारी रखा जाएगा।
