हनुमानगढ़। भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधामोहन अग्रवाल की ओर से कांग्रेस नेता सचिन पायलट पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को टाउन में रावतसर रोड पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राधामोहन अग्रवाल का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण नेहरा ने किया, जबकि सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा की मौजूदगी में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस मौके पर कृष्ण नेहरा ने कहा कि टोंक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सचिन पायलट के खिलाफ की गई टिप्पणी सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस बयान से पूरे प्रदेश और जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि राधामोहन अग्रवाल पहले भी इस तरह की भाषा का प्रयोग कर चुके हैं। सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने भाजपा और राधामोहन अग्रवाल को चेतावनी देते हुए कहा कि राजनीति में इस प्रकार की भाषा भाजपा की हताशा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन होना चाहिए और इस तरह के बयान अनुचित हैं। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा ने कहा कि सचिन पायलट युवाओं के आदर्श हैं और युवा वर्ग हर स्तर पर भाजपा सरकार का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा। प्रदर्शन के दौरान पूर्व उपप्रधान प्रतिनिधि कालूराम गोदारा, युवा कांग्रेस के प्रत्याशी राजेंद्र मेघवाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और बयान की निंदा की। इस मौके पर सेवादल महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, चंदन मोंगा, मुकेश, भीमसेन लालनिया, सुखचेन, प्रदीप, करणी, विक्रम, अल्ताफ, आयूब खान एवं लखवीर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
