ऐलनाबाद। शहर के चौधरी देवीलाल पार्क में नगर पालिका द्वारा कराए गए शेड व अन्य विकास कार्यों की गुरुवार को उपमंडल अधिकारी (नागरिक) पारस भागोरिया ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बताया जा रहा है कि पार्क में कराए गए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की आशंका को लेकर एसडीएम कार्यालय को कई शिकायतें मिली थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर एसडीएम पारस भागोरिया ने पार्क का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की पूरी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पार्क में बनाए गए योगा शेड सहित अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान योगा शेड के नीचे लगाए गए मार्बल की कई टाइलें टूटी हुई मिलीं तथा उनका लेवल भी एक समान नहीं पाया गया। इस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को टाइलों की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने नगर पालिका सचिव रविंद्र कुमार को निर्माण कार्य से जुड़े सभी दस्तावेजों सहित एसडीएम कार्यालय में उपस्थित होने के आदेश भी दिए। इस पर नगर पालिका सचिव ने बताया कि अगले दिन हाउस मीटिंग होने के कारण वह कार्यालय में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, लेकिन उसके अगले दिन निर्माण कार्य से संबंधित सभी दस्तावेज लेकर एसडीएम कार्यालय में पेश हो जाएंगे। इस दौरान नगर पालिका सचिव रविंद्र कुमार, एमई प्रवीण मलिक, जेई अजय, सर्वजीत सिंह व सूरज कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
