हनुमानगढ़। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन सोमवार को नवमी पर शहर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने घरों और मंदिरों में कन्या पूजन कर नवरात्र महोत्सव का समापन किया। सुबह से ही मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ कन्याओं को भोजन करवाने का सिलसिला शुरू हो गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण धोए गए, तिलक लगाकर पूजन किया गया और श्रद्धापूर्वक भोजन करवाया गया। नवमी के मौके पर श्रद्धालुओं ने कन्याओं को हलवा, पूरी और चने का प्रसाद खिलाया। भोजन के बाद दक्षिणा एवं उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। शहर के विभिन्न घरों और मंदिरों में हुए आयोजनों के दौरान भक्तिमय वातावरण नजर आया। नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना करने वाले श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन के साथ अपने धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण किए। इस मौके पर मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
