हनुमानगढ़। कोहला चौधरी पुरखाराम मूंड मेमोरियल माध्यमिक विद्यालय, कोहला में महात्मा ज्योतिबा फुले के जन्मदिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक स्काउट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुंशी राम छिम्पा एवं भूपेंद्र कौशिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि मुंशी राम छिम्पा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को महात्मा फुले के जीवन, उनके आदर्शों और समाज सुधार के लिए किए गए संघर्षों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ज्योतिबा फुले ने शिक्षा के प्रसार, विशेषकर महिलाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अंग्रेजी शासनकाल में भी कठिन संघर्ष किया और समाज को नई दिशा दी।

वहीं, भूपेंद्र कौशिक ने स्काउट गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक सशक्त माध्यम है, जिससे उनमें जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता बढ़ती है। कार्यक्रम में विद्यालय के 10 स्काउट्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। विद्यालय के स्काउट प्रभारी सुरजीत सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए स्काउटिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। अंत में संस्था प्रधान विनोद कुमार मूंड ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया।
