नोहर। नोहर तहसील की खिनानिया ग्राम पंचायत के गांव श्योदानपुरा में भाजपा नेता काशीराम गोदारा का स्वागत-सत्कार एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्योदानपुरा के प्रांगण में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया।ग्रामीणों ने बताया कि गांव के हित में किए गए कार्यों के लिए काशीराम गोदारा का स्वागत किया गया। उनके प्रयासों से खिनानिया ग्राम पंचायत को नोहर पंचायत समिति से जोड़वाया गया तथा क्षेत्र में नहर निर्माण और चौड़ाईकरण के कार्यों में सुधार करवाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने विद्यालय में आर्ट (कला) विषय शुरू करवाने की मांग रखी। इसके अलावा ग्रामीणों ने गांव की ऐसी कृषि भूमि, जो सिंचाई योग्य होने के बावजूद असिंचित रह गई है, उसे नहर प्रणाली से जोड़कर सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी। इस अवसर पर काशीराम गोदारा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पहले भी क्षेत्र के विकास के लिए जो कार्य किए गए हैं, उसी प्रकार आगे भी गांव की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाकर समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में जनकल्याण और विकास को सर्वोपरि मानते हुए निरंतर कार्य कर रही है। गोदारा ने कहा कि श्योदानपुरा-खिनानिया गांव से उनका वर्षों पुराना आत्मीय रिश्ता है और यहां के लोगों का स्नेह व आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि गांव के विकास और जनता के हितों के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खिनानिया ग्राम पंचायत के सरपंच काशीराम मेघवाल ने की। इस अवसर पर नोहर नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक पारीक, भाजपा जिला हनुमानगढ़ के “मन की बात” कार्यक्रम के जिला सहसंयोजक शैलेंद्र वर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और विद्यालय परिवार मौजूद रहे।
