– घायल दंपती को अस्पताल में कराया भर्ती, महिला मजदूर ने अभद्रता और कपड़े फाड़ने का भी लगाया आरोप
हनुमानगढ़। टिब्बी क्षेत्र में एक खेत पर काम कर रहे मजदूर दंपती के साथ मारपीट और कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। इस संबंध में खेत मालिक ने तलवाड़ा पुलिस थाने में परिवाद देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। रामपुरा उर्फ रामसरा निवासी मुकेश कुमार पुत्र कृष्णलाल जाट ने पुलिस को दिए परिवाद में बताया कि उसने 22 जुलाई 2024 को चक 3 आरडब्ल्यूडी स्थित 2.5 बीघा भूमि का इकरारनामा सत्यपाल उर्फ सतपाल पुत्र हरीशचंद्र निवासी परलीका से किया था तथा उसे मौके पर भूमि का कब्जा भी सौंप दिया गया था। परिवादी के अनुसार उसने उक्त भूमि पर डिग्गी, ट्यूबवेल, तारबंदी सहित अन्य निर्माण कार्य करवाए हुए हैं। परिवाद के अनुसार 2 जून की शाम को जब वह हनुमानगढ़ में था, तब उसके खेत पर कार्यरत मजदूरों के बारे में सूचना मिली।

परिवादी का आरोप है कि उसके चाचा आत्माराम ने खेत पर पहुंचकर देखा कि वहां तोड़फोड़ हुई पड़ी थी तथा एक महिला और एक पुरुष घायल अवस्था में मिले। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए हनुमानगढ़ टाउन के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। परिवादी ने आरोप लगाया कि घायल मजदूर बाबू ने बताया कि कुछ लोग खेत पर आए और उसके साथ मारपीट की। वहीं महिला मजदूर रजनी ने आरोप लगाया कि उसके साथ भी मारपीट की गई, कपड़े फाड़े गए तथा उसके साथ गलत हरकत की गई। महिला ने यह भी बताया कि घटना के दौरान वह बेहोश हो गई थी और बाद की घटनाओं की उसे जानकारी नहीं है। मुकेश कुमार ने अपने परिवाद में मनीष पुत्र सतपाल सहित अन्य लोगों पर खेत में घुसकर तोड़फोड़, मजदूरों के साथ मारपीट और महिला मजदूर के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिवाद प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रकरण में मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
