-डीजल कीमतों और परीक्षा घोटालों के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट पर होगा प्रदर्शन
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों, किसानों की समस्याओं तथा बढ़ती महंगाई पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आमजन और किसानों से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर आगामी 8 जून को जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता वर्तमान समय में अनेक समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि गेहूं की सरकारी खरीद में किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खरीद केंद्रों पर व्यवस्थाओं की कमी, भुगतान में देरी तथा तुलवाई संबंधी समस्याओं से किसान वर्ग बेहद परेशान है। संगरीया विधायक अभिमन्यु पुनिया ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है। खाद्य पदार्थों एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने लोगों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। बैठक में हाल ही में सामने आए नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण और सीबीएसई परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों से युवाओं और विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ रहा है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि किसानों, युवाओं और आमजन की आवाज को बुलंद करने के लिए 8 जून को जिला कलेक्ट्रेट पर व्यापक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा, जिसमें विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में भाग लेने का आह्वान किया गया। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। बैठक में सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, उपाध्यक्ष करणी सिंह राठौड़, सुभाष घोटिया, पीसीसी सदस्य रामेश्वर चांवरिया, ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर गोदारा, नगर अध्यक्ष संजीव सोनी, आरिफ टाक, विनोद बुड़ानिया, सुशील बिश्नोई, गुरलाल मान, जयपाल गिरी, मोहनलाल इंदलिया, रामचन्द्र चौधरी, गुरप्रीत मान, विनोद गुरूसर, विजय टॉक, यश चिलाना, काूलराम गोदारा, सूर्यकांत झाझड़िया, सुरेन्द्र खटीक, भंवरलाल गोदारा, हरीओम शर्मा, अशुममन बामणिया, शकूर खान, जगदीप रंगारा, कर्मसिंह, जग्गा सिंह, कौर सिंह, महेन्द्र सिंह, विकास मेघवाल, आरिफ खान, साजिद खान, कृष्ण स्वामी, आकाश चिलाना, नदीम भाटी, उमर, संजय होठला, रेशम सिंह बराड़, गंगाराम खटीक, सोनू चौपड़ा, मोहनलाल गोदारा, मोहम्मद इशाक भाटी, दौलतराम भाम्भू, विनोद कुमार, सुमित कुमार, नानक जण्डावाली, साजिद अली सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
