हनुमानगढ़। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर शुक्रवार को कांग्रेस सेवादल की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। सेवादल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू थामकर सार्वजनिक गलियों में सफाई की तथा जगह-जगह जमा कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया। कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों में श्रमदान केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने का आधार और नैतिक कर्तव्य था। गांधी जी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना। गांधी जयंती उनके विचारों को याद करने के साथ उन्हें व्यवहार में उतारने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

पारीक ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने और अपने आसपास नियमित रूप से सफाई रखने की आदत विकसित करना जरूरी है। कांग्रेस सेवादल का उद्देश्य समाज के बीच सेवा, सहयोग और जनजागरूकता की भावना को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य के तहत कार्यकर्ताओं ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई। लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए पारीक ने उनके प्रसिद्ध ‘जय जवान, जय किसानÓ नारे का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने देश के सैनिकों और किसानों के योगदान को सम्मान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आमजन मिलकर स्वच्छता के लिए आगे आते हैं तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने गलियों में झाड़ू लगाई तथा नालियों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास जमा कचरा हटाया। लोगों से घरों के साथ सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का भी ध्यान रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की गई। अभियान में कांग्रेस सेवादल के संगठन महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, जिला महासचिव इशाक चायनान, जिला सचिव एवं वार्ड 50 के पार्षद लखविंद्र सिंह, जिला सह सचिव राजप्रकाश रोहिल्ला सहित राजदीप, राकेश कुमार और आजम खान मौजूद रहे।
