हनुमानगढ़। गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के मौके पर शुक्रवार को टाउन स्थित राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस मौके पर सर्वधर्म प्रार्थना एवं रामधुन का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सत्याग्रह के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शांे पर प्रकाश डाला गया। केन्द्र प्रभारी डॉ. कुलदीप ने कहा कि गांधी का सत्य और अहिंसा का संदेश तथा शास्त्री का सादा जीवन एवं उच्च विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग, प्राकृतिक चिकित्सा, नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना आवश्यक है। इस मौके पर मौजूद लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। मौजूद लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान आमजन एवं मौजूद लोगों को फल और खीर का वितरण किया गया। साथ ही स्वस्थ आहार, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से निरोगी जीवन जीने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में डॉ. तीर्थ शर्मा, डॉ. महावीर, डॉ. देवेंद्र, डॉ. रामप्रताप, मायरा ढाका, डॉ. मुकेश, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. शिव स्वामी मौजूद रहे।
