हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय की ओर से बुधवार को अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के सम्मान में फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, उमंग, भावनात्मक पलों एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। समारोह में छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत, नृत्य, मनोरंजक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थितजनों का मन मोह लिया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने अपने विश्वविद्यालय जीवन के अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों एवं साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान कई मनोरंजक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज सेवा का सशक्त आधार है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जीवन में सदैव सकारात्मक सोच एवं संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। डॉ. पूजा जुनेजा ने कहा कि यह विदाई केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि नए जीवन की शुरुआत है तथा छात्र-छात्राएं हमेशा विश्वविद्यालय परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। फेयरवेल समारोह के दौरान विभिन्न प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। मिस्टर फेयरवेल का खिताब सुखचैन सिंह को तथा मिस फेयरवेल का खिताब अमनदीप कौर को प्रदान किया गया। समारोह के दौरान कई भावुक क्षण भी देखने को मिले, जब छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों एवं मित्रों के साथ बिताए गए यादगार पलों को साझा किया। इस मौके पर डॉ. स्वाति ओझा, डॉ. मीनल, डॉ. मनवीर, वीरेन्द्र खीचड़, यशपाल शर्मा एवं बृजप्रकाश भादू सहित विज्ञान संकाय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
