हनुमानगढ़। गेहूं की तुलाई में अनियमितताओं और कटौती के विरोध में बुधवार को राष्ट्रीय किसान संगठन ने कैबिनेट मंत्री, भारत सरकार (उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग) के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने किसानों के गेहूं की तुलाई पारदर्शी और सही मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने की मांग उठाई। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष गुरतेज सिंह ने बताया कि मंडियों में किसानों को तुलाई के दौरान कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि किसानों की ओर से लाए गए गेहूं का पूरा माल सही तौल के साथ खरीदा जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वाले व्यापारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन ने यह भी मांग रखी कि प्रति क्विंटल 5-6 किलो तक की जा रही कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए। साथ ही प्रत्येक किसान के गेहूं की तुलाई 15-16 क्विंटल प्रति बीघा के मानक के अनुसार सुनिश्चित करने की मांग की गई, ताकि किसानों को उनका पूरा हक मिल सके। राष्ट्रीय किसान संगठन ने सरकार से इस मुद्दे पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर संभाग अध्यक्ष बद्रीनारायण जाखड़ व तहसील अध्यक्ष जगजीत सिंह मान, कोषाध्यक्ष जगदीश सिंह व शिवराज सिंह भी मौजूद रहे।
