हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र के पंडितांवाली गांव से गोगामेड़ी जाने का कहकर घर से निकला 31 वर्षीय युवक लापता हो गया। कई दिनों तक तलाश करने के बाद भी युवक का पता नहीं चलने पर उसके पिता ने पीलीबंगा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पंडितांवाली निवासी महावीर (55) पुत्र कालूराम धानक ने रिपोर्ट में बताया कि उसका बेटा सतपाल (31) सिलाई का कार्य करता है। वह 5 सितंबर को सुबह करीब 10.30 बजे घर से गोगामेड़ी जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने सतपाल से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद परिवार ने आसपास के क्षेत्र और रिश्तेदारियों में फोन कर युवक की तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों के अनुसार घर से निकलते समय सतपाल ने सफेद रंग का पायजामा-कुर्ता और नीले रंग के जूते पहन रखे थे। उसका कद करीब 5 फीट 8 इंच और रंग गोरा बताया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार को सौंपी गई है। पुलिस युवक की तलाश के लिए संभावित स्थानों और संपर्क सूत्रों के आधार पर जांच कर रही है।
