हनुमानगढ़। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में 22 से 26 जनवरी तक आयोजित तीसरी राष्ट्रीय पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली राजस्थान की टीम के खिलाड़ियों के सम्मान में शनिवार को टाउन के भद्रकाली मंदिर रोड स्थित शहीद स्मारक में समारोह आयोजित किया गया।


समारोह में विधायक गणेश राज बंसल, शहीद स्मारक के संस्थापक एडवोकेट शंकर सोनी, द्रोणाचार्य अवार्डी आरडी सिंह, अर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह, ग्राम पंचायत प्रशासक रोहित स्वामी, विजय उप्पल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर खिलाड़ियों को ब्रीफकेस, नकद पुरस्कार, जूते, प्रशंसा पत्र तथा आवागमन भत्ता प्रदान कर सम्मानित किया गया।




कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की टीम की ओर से स्वर्ण पदक जीतना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। एडवोकेट शंकर सोनी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राजस्थान की टीम आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेगी।


विजय उप्पल ने कहा कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और क्षमता सिद्ध की है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अनुशासन और परिश्रम के मार्ग पर चलने तथा खेलों के माध्यम से पहचान बनाने का आह्वान किया। अर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह ने जानकारी दी कि आगामी अप्रैल माह में फेडरेशन कप प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियों में अब राजस्थान की टीम जुट गई है।
