– फाइनेंस कंपनी कार्यालय का गेट बंद, मीडिया से बात करने से बचते रहे कर्मचारी, बुधवार को धरने की चेतावनी
हनुमानगढ़। शहर स्थित एक गोल्ड लोन कंपनी पर लोन की पूरी राशि जमा कराने के बावजूद गिरवी रखा सोना वापस नहीं देने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। इस दौरान कंपनी कार्यालय का गेट बंद कर दिया गया और मीडिया कर्मियों को अंदर जाने से रोक दिया गया। मीडिया ने कंपनी प्रतिनिधियों से पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और बातचीत से बचते नजर आए। ग्राम पंचायत मक्कासर के प्रशासक बलदेव सिंह ने आरोप लगाया कि मुथूट गोल्ड लोन भोले-भाले लोगों को गोल्ड लोन के नाम पर फंसाकर परेशान कर रही है। उन्होंने बताया कि मक्कासर निवासी राकेश कुमार की एक किडनी खराब होने के कारण इलाज में काफी खर्च हुआ। आर्थिक तंगी के चलते राकेश कुमार ने कंपनी में अपना सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया था। बलदेव सिंह के अनुसार करीब दो माह पहले राकेश कुमार की मृत्यु हो गई। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार की ओर से राकेश कुमार के छोटे भाई ने कंपनी के बताए अनुसार ब्याज सहित पूरी लोन राशि जमा करवा दी, लेकिन इसके बावजूद पिछले दस दिनों से लगातार चक्कर लगाने के बाद भी गिरवी रखा सोना वापस नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी हर बार अलग-अलग बकाया राशि बता रही है। कभी 27 हजार रुपये तो कभी 35 हजार रुपये अतिरिक्त ब्याज बकाया होने की बात कहकर सोना लौटाने से इनकार किया जा रहा है। बलदेव सिंह ने कहा कि ऐसी कंपनियां भोले-भाले लोगों का आर्थिक शोषण कर रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार का गिरवी रखा सोना तत्काल वापस दिलाया जाए। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बुधवार को कंपनी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
