– सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी पूजा, 56 भोग का लगेगा प्रसाद; श्रद्धालु कर सकेंगे गोवर्धन परिक्रमा
हनुमानगढ़। दीपावली के अगले दिन अबोहर रोड स्थित श्री गोविंद गोधाम गोशाला में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्री गोशाला सेवा समिति के अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने बताया कि इस अवसर पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक विधि-विधान से गोवर्धन पूजा होगी। इसके बाद भगवान को 56 भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान गोमाता का पूजन भी किया जाएगा। इन्द्र हिसारिया ने बताया कि गोशाला में पिछले 6-7 वर्षों से लगातार गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार गोवर्धन पूजा के अवसर पर गोवर्धन जी की परिक्रमा का विशेष महत्व है। जो श्रद्धालु वृंदावन या अन्य धार्मिक स्थलों पर जाकर परिक्रमा नहीं कर सकते, वे गोशाला में पहुंचकर परिक्रमा कर सकते हैं और पुण्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों एवं धार्मिक संस्थाओं से अधिकाधिक संख्या में आयोजन में शामिल होकर गोवर्धन पूजन, गोसेवा और अन्नकूट महोत्सव में सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
