सूरतगढ़। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद के 8वें पोषण पखवाड़े के तहत ग्राम पंचायत राजपुरा पिंपरण में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षा राजीविका महिला सर्वांगीण सहकारी समिति लिमिटेड, मानकसर (सूरतगढ़) के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यशाला में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वयं की सहायता करने तथा आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए। महिला थाना श्रीगंगानगर से पहुंची पुलिस कांस्टेबल निर्मला एवं मंजू ने महिलाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाते हुए उन्हें जागरूक किया और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए क्लस्टर मैनेजर पूनम चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर कृषि सखी एवं पशु सखी भी मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि महिलाओं ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया और आत्मरक्षा के तरीकों को सीखकर लाभान्वित हुईं। इसके साथ ही पोषण सखियों द्वारा गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों एवं संतुलित पौष्टिक आहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यशाला में क्लस्टर मैनेजर, पदाधिकारी, पोषण सखियां, बैंक सखी, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
संवाददाता- सोनियां मेघवाल
