हनुमानगढ़। हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड राजस्थान राज्य जिला मुख्यालय, हनुमानगढ़ के तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन अभिरुचि एवं कला कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह राजकीय प्राथमिक विद्यालय, वार्ड नंबर 39 में उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुरेश गोयल एवं विजयलक्ष्मी सहगल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और शिविर के दौरान किए गए कार्यों की सराहना की। जिला ऑर्गेनाइजर दीपक यादव ने बताया कि शिविर के दौरान बच्चों को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला। समापन अवसर पर बच्चों ने शिविर में अर्जित कला एवं कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। हैंडीक्राफ्ट के अंतर्गत तैयार आकर्षक वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई गई, वहीं डांस क्लास में सीखे गए मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर बच्चों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारना तथा उन्हें सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें। शिविर को सफल बनाने में प्रशिक्षित स्टाफ सदस्य पूनम, मानवेंद्र सिंह भादू, ज्ञानवती बिश्नोई, सुनीता रानी, हरदीप सिंह, किरण कौर एवं जानवी सिंह सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में जब बच्चे मोबाइल फोन और अन्य नकारात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, ऐसे प्रशिक्षण शिविर उन्हें रचनात्मक दिशा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का नियमित आयोजन किए जाने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें भविष्य में भी ऐसे शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। समारोह का समापन राष्ट्र निर्माण और बाल विकास के संकल्प के साथ हुआ।
