हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) के अध्ययन केन्द्र की ओर से शनिवार को दूरस्थ शिक्षा को लेकर विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया की अध्यक्षता में हुआ। इसमें बालिकाओं, नौकरीपेशा युवाओं और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को घर बैठे उच्च शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में बीकानेर के क्षेत्रीय निदेशक सुरेश शर्मा ने विद्यार्थियों को मल्टी-स्किलिंग के बढ़ते महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि नियमित डिग्री के साथ दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अतिरिक्त पाठ्यक्रम किए जा सकते हैं। इससे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई के साथ कौशल विकसित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि राज्य की महिला विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए निशुल्क शिक्षा का लाभ दिया जा रहा है। प्रवेश के बाद निर्धारित फीस का पुनर्भरण राज्य सरकार की ओर से किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति का लाभ भी मिल सकता है। उन्होंने बताया कि प्रवेश की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर है। प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने दूरस्थ शिक्षा के लाभों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी इस व्यवस्था का लाभ उठाते हुए एक साथ दो डिग्रियां करने का अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं। वीएमओयू अध्ययन केन्द्र की समन्वयक डॉ. अर्चना गोदारा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ना है, जो किसी कारणवश नियमित कॉलेज में अध्ययन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बालिकाओं, नौकरीपेशा युवाओं और दूरदराज एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर बैठे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसरों की जानकारी दी। इसी क्रम में इग्नू के समन्वयक विनोद कुमार ने दूरस्थ शिक्षा के लाभों के बारे में बताया तथा वीएमओयू एवं इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अपनी सुविधा के अनुसार उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। वीएमओयू में समाजशास्त्र के सहायक आचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुलश्रेष्ठ ने विद्यार्थियों को दूरस्थ शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए शिक्षा संबंधी तनाव से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने खुला विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि इनके माध्यम से विद्यार्थी अपने कौशल का विकास कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन कम्प्यूटर अनुदेशक एसएफएस पंकज मिश्रा ने किया। इस मौके पर पवनदीप कौर, गुंजन राठौड़, राजपाल कौर, सुनील अग्रवाल, अवतार सिंह सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।
