हनुमानगढ़। गांव मक्कासर के वार्ड नंबर 9 में चोरों ने परिवार की मौजूदगी में ही घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। वारदात का पता शुक्रवार सुबह परिवार के जागने पर चला। पीड़ित गोपालराम पुत्र ख्यालीराम ने जंक्शन पुलिस थाने में परिवाद सौंपकर चोरी का मुकदमा दर्ज कर जेवरात बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवाद के अनुसार गोपालराम ने बताया कि 13 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह और उसके परिवार के सदस्य घर में सो गए थे।

रात के दौरान अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया। 14 अगस्त की सुबह परिवार के सदस्य जागे तो चोरी का पता चला। घर में तलाश करने के साथ आसपास पूछताछ की गई, लेकिन चोरों और चोरी हुए सामान का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित के अनुसार चोर अलमारी से तीन सोने की अंगूठियां, दो सोने की तबीती, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो जोड़ी चांदी की पायजेब, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी की चेन और दो जोड़ी चांदी के बिछुए चोरी कर ले गए। गोपालराम ने बताया कि चोरों ने रात के समय वारदात को अंजाम दिया, जबकि परिवार के सदस्य घर में ही सो रहे थे।

सुबह जागने पर जेवरात गायब मिले तो चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने अपने परिवाद में चरणजीत पुत्र रूपराम, कुकिया पुत्र रामकुमार और गजिया पुत्र लालाराम पर चोरी में शामिल होने का शक जताया है। परिवादी का आरोप है कि उक्त लोग पूर्व में भी उसके घर में चोरी कर चुके हैं तथा उनके बारे में नशेड़ी और बदमाश प्रवृत्ति के होने की शिकायत है। गोपालराम ने पुलिस से मांग की है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर चोरी करने वालों का पता लगाया जाए तथा चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए जाएं। पीड़ित के अनुसार इससे पहले भी उसके घर से चोरी की घटना हो चुकी है। ऐसे में वारदात को लेकर परिवार में भय का माहौल है। इधर, लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में नशेड़ी प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की जरूरत है।

