हनुमानगढ़। पीलीबंगा क्षेत्र के चक 10 एमओडी स्थित गांव अयालकी में चल रहे खाला निर्माण कार्य का बुधवार को सीएडी अधीक्षण अभियंता निरंजन लाल मीना ने अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण करते हुए अधिकारियों ने कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की जांच की गई तथा संवेदक और निर्माण एजेंसी के अभियंताओं को गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य तय मानकों के अनुसार ही पूरा किया जाए। इस मौके पर अधिशाषी अभियंता (गुणवत्ता नियंत्रण) तिलोक चंद, सहायक अभियंता तपेन्द्र सिंह तथा कनिष्ठ अभियंता पूजा मीणा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं और परिवेदनाएं भी सुनीं। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया तथा किसानों को आश्वस्त किया गया कि खाला निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराया जाएगा। गौरतलब है कि यह निर्माण कार्य मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अंतर्गत कराया जा रहा है। इसके पूर्ण होने के बाद चक के अंतिम छोर तक सिंचाई जल की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि की संभावना है।
