हनुमानगढ़। प्रस्तावित हनुमानगढ़ बाईपास प्रोजेक्ट को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बुधवार को 3 केएनजे खुंजा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आगामी कार्यवाही सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान एसपी मीना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा परियोजना से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाईपास प्रोजेक्ट से जुड़े कार्यों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर भी जोर दिया।

इस मौके पर सीओ सिटी मीनाक्षी, नायब तहसीलदार हनुमानगढ़, थानाधिकारी हनुमानगढ़ जंक्शन रामचन्द्र कस्वा, क्यूआरटी प्रभारी सहित जंक्शन थाने का स्टाफ मौजूद रहा।

इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने हनुमानगढ़ जंक्शन थाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में दर्ज आपराधिक मामलों, लंबित प्रकरणों तथा पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। साथ ही थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को रिकॉर्ड संधारण, साफ-सफाई और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

एसपी मीना ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी और सजगता के साथ अपनी ड्यूटी निभानी होगी।
