हनुमानगढ़। जंक्शन की सब्जी मंडी को नवां बाइपास पर स्थानांतरित नहीं किए जाने से व्यापारियों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। वर्षांे से लंबित इस मांग को लेकर अब व्यापारियों का धैर्य जवाब देता नजर आ रहा है। व्यापारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मंडी को नवां बाइपास पर शिफ्ट नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। वर्तमान में सब्जी मंडी का संचालन संगरिया रोड स्थित भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में किया जा रहा है, जहां पर्याप्त जगह के अभाव में सुबह के समय हालात बेकाबू हो जाते हैं।

मंडी के अंदर और बाहर मुख्य मार्ग पर अक्सर जाम लग जाता है, जिससे व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बुधवार को मंडी व्यापारी नवां बाइपास स्थित नए सब्जी मंडी परिसर में एकत्रित हुए और विरोध-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। व्यापारी देवेन्द्र शाक्य व केशव नानकानी ने बताया कि करीब 12 साल पहले मंडी का आवंटन नवां बाइपास पर किया गया था और लगभग छह साल पहले भवन, सड़क व अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण भी पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद मंडी अब तक शिफ्ट नहीं हो पाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देखरेख के अभाव में नए मंडी परिसर के भवन और चारदीवारी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। वहां चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिनमें टूंटी, इलेक्ट्रिक बॉक्स और गेट तक चोरी हो चुके हैं। असामाजिक तत्वों की ओर से तोड़फोड़ भी की गई है, लेकिन प्रशासन और पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में असंतोष है। व्यापारियों के अनुसार वर्तमान मंडी भीड़भाड़ वाले इलाके में संचालित होने से रोजाना ट्रकों की आवाजाही के दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। सुबह 11 बजे तक मंडी क्षेत्र में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।

बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ता है। साथ ही बाइक चोरी और निराश्रित पशुओं की समस्या भी लगातार बनी हुई है। व्यापारियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नवां बाइपास स्थित मंडी में दुकानों का आवंटन किया जाए ताकि वे वहां अपना व्यापार शुरू कर सकें। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो वे संगठित होकर आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
