हनुमानगढ़। रावतसर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के ईनामी स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2020 से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार थानाा प्रभारी ईश्वरानन्द के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए रामेश्वर लाल (43) पुत्र अमरचंद खटीक निवासी चक 19 डीडब्ल्यूडी, गोदारा गैस गोदाम के पास, रावतसर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र चोटिया व अमर सिंह मीणा, कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार तथा संदीप कुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र चोटिया की विशेष भूमिका रही। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था, लेकिन लगातार की जा रही तलाश और मुखबिर सूचना के आधार पर उसे पकड़ लिया गया।
