जयपुर। शहर को और अधिक सुंदर व आकर्षक बनाने के उद्देश्य से जयपुर नगर निगम 2 मई को ‘रंग दे गुलाबी’ अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के तहत एक ही दिन में 500 दीवारों को रंगने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम का दावा है कि देश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर एक दिन में दीवारों को रंगने का प्रयास किया जा रहा है।नगर निगम सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया कि इससे पहले ‘सफाई सेवा मैराथन’ के जरिए शहर में स्वच्छता की मजबूत नींव रखी गई थी। अब ‘रंग दे गुलाबी’ अभियान के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में अगला कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी भी भाग ले सकेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य जयपुर की पारंपरिक ‘गुलाबी नगरी’ की पहचान को और मजबूत करना है, साथ ही शहर की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक रूप में प्रस्तुत करना भी है। कसेरा के अनुसार, दीवारों पर गुलाबी थीम के साथ विभिन्न आकर्षक और कलात्मक रंगों का उपयोग किया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र अपनी अलग पहचान के साथ उभर सके। इससे शहर की दीवारें केवल रंगीन नहीं होंगी, बल्कि रचनात्मक और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का माध्यम भी बनेंगी। नगर निगम ने इस अभियान में स्कूल, कॉलेज, एनजीओ, निजी संस्थाओं, कॉर्पोरेट समूहों और आम नागरिकों को स्वेच्छा से भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। निगम का मानना है कि जनभागीदारी से स्वच्छता और सौंदर्यीकरण का संदेश समाज तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा। अभियान में पेंटिंग सेवाएं देने के इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं भी शामिल हो सकते हैं। इसके लिए नगर निगम ने 7470651609 और 7878252518 मोबाइल नंबर जारी किए हैं, जिन पर संपर्क कर भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।
