हनुमानगढ़। सोलर संगठन भारत ड्यूक एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोमवार को गांव रोड़ांवाली में जागरूकता एवं रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया गया। शिविर के आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और भजनलाल सरकार की 150 यूनिट प्रतिमाह नि:शुल्क बिजली योजना का लाभ प्रत्येक घर तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू भी मौजूद रहे। ड्यूक कम्पनी प्रतिनिधि अरविन्द सिंधावा ने बताया कि भजनलाल सरकार की 150 यूनिट प्रतिमाह नि:शुल्क बिजली योजना में लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि भजनलाल सरकार अब 150 यूनिट प्रतिमाह नि:शुल्क बिजली योजना का लाभ प्रति घर को देना चाहती है। उसी के लिए 1.1 किलोवाट का प्लांट हर घर पर स्थापित हो सके, इसी मकसद से यह शिविर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि गांव रोड़ांवाली में 2500 से 3000 घर ऐसे हैं जिन्हें इस योजना का लाभ मिलने जा रहा है।

उन्होंने जिले के प्रत्येक नागरिक से अपील की कि वे भी इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाएं। ऑनलाइन आवेदन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से अपनी लॉग इन आईडी के जरिए कहीं से भी किया जा सकता है।
