हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए जिला कलक्ट्रेट परिसर में परिंडे (पक्षियों के लिए पानी के बर्तन) बांधने के अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का शुभारंभ मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने स्वयं परिंडे बांधकर और उनमें पानी भरकर किया। इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी अभियान में हिस्सा लेते हुए परिसर में विभिन्न स्थानों पर पेड़ों पर परिंडे लगाए और उनमें पानी भरा। कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ती गर्मी में प्यास से जूझ रहे पक्षियों और मूक जीवों को राहत पहुंचाना है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में आमजन को चाहिए कि वे न केवल अपना और अपने परिवार का ध्यान रखें, बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करें। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, छतों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे बांधकर इस पुण्य कार्य में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि गर्मी के सीजन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जा चुकी है। सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में पशुपालन विभाग की ओर से पालतू पशुओं की देखभाल के लिए एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें गोशालाओं में उचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं चिकित्सा विभाग की ओर से हीट वेव (लू-तापघात) से निपटने के लिए अस्पतालों में विशेष बेड रिजर्व किए गए हैं तथा एम्बुलेंस में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा पंचायती राज विभाग और शहरी निकायों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में पानी और छाया की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस पहल को लेकर आमजन में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की जा रही है।
