हनुमानगढ़। हाल ही में घोषित सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जंक्शन स्थित संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी के विद्यार्थियों को मंगलवार को आयोजित सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के 24 मेधावी विद्यार्थियों को विद्या रत्न पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम के दौरान टॉपर्स को चेक के साथ ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस वर्ष कक्षा 10वीं में छात्रा तनिशा ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इन्दु शर्मा ने 95.4 प्रतिशत, मनजोत कौर ने 93 प्रतिशत, एकता ने 91.4 प्रतिशत, खुशप्रीत कौर ने 90.8 प्रतिशत एवं जसमीत कौर ने 90.8 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस मौके पर स्कूल के प्राचार्य एलबी सुब्बा ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को कक्षा 11 में विषय चयन को लेकर मार्गदर्शन भी दिया गया। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे आगामी छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए नई स्किल्स विकसित करें और एआई, कोडिंग जैसे आधुनिक विषयों की जानकारी हासिल करें। प्राचार्य एलबी सुब्बा ने बताया कि हर वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विद्या रत्न अवार्ड दिया जाता है। साथ ही मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है। 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 21000 रुपए की छात्रवृत्ति दी जाती है। 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वालों को 16000 रुपए की स्कॉलरशिप प्रदान की जाती है। 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो और एक्सीलेंस सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष दो विद्यार्थियों को 21 हजार रुपए और चार विद्यार्थियों को 16 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने शानदार परिणाम देकर न केवल स्कूल बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले का नाम रोशन किया है। अंत में प्राचार्य ने टॉपर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अन्य छात्रों को उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
