हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों की पालना में जिला स्तर पर गठित बोर्ड द्वारा जिला कारागृह हनुमानगढ़ का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण माननीय उच्चतम न्यायालय की रिट याचिका (सी) संख्या 1404/2023 सुकन्या शांता बनाम भारत संघ में पारित निर्णय की पालना के तहत किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश तनवीर चौधरी, जिला कलेक्टर खुशाल यादव तथा जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कारागृह का जायजा लिया। इस दौरान बंदियों से कारागृह में उपलब्ध सुविधाओं तथा जाति, धर्म व सामाजिक स्तर से जुड़े किसी प्रकार के भेदभाव के संबंध में बातचीत की गई। बंदियों ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं है तथा सभी के लिए समान रूप से सुविधाएं उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने कारागृह की बैरकों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, स्वच्छता, चिकित्सा व्यवस्था तथा भोजन व्यवस्था की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष तनवीर चौधरी ने जिला कारागृह अधीक्षक को बैरकों और उनमें बने शौचालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बोर्ड के सदस्य डॉ. अखिलेश (उप जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी), आकाश दीप (उपायुक्त, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र) तथा डॉ. प्रमोद (महाप्रबंधक, जिला कृषि विस्तार) सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अध्यक्ष तनवीर चौधरी ने जिला कारागृह परिसर में संचालित प्रिजन लीगल एड क्लिनिक का भी निरीक्षण कर वहां दी जा रही विधिक सहायता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
