-श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली प्रभात फेरी, शुरू हुआ झूलेलाल जयंती महोत्सव
हनुमानगढ़। टाउन की पूज्य सिंधी पंचायत समिति (रजि) एवं श्री झूलेलाल मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित 64वें श्री झूलेलाल जयंती महोत्सव एवं चेटीचंड मेले के अंतर्गत झूलेलाल नारी शक्ति हनुमानगढ़ की ओर से आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। सुबह 6 बजे झूलेलाल मंदिर से शुरू हुई प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और भगवान झूलेलाल के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रभात फेरी शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ग्रीन सिटी पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालु भगवान झूलेलाल के भजन गाते हुए और झंडे लेकर आगे बढ़ते रहे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी का स्वागत किया और जयकारे लगाए। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। झूलेलाल नारी शक्ति की सदस्य वर्षा कर्मचंदानी और अनीता तेजवानी ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार को शाम 5 बजे मंदिर परिसर में भगवान झूलेलाल को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाआरती का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के आगामी दिनों में भी कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 18 मार्च को मेले में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु और शहरवासी खरीदारी के साथ मेले का आनंद ले सकेंगे। वहीं 19 मार्च को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें स्थानीय कलाकार नृत्य, संगीत और अन्य प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव के समापन अवसर पर 20 मार्च को भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में झांकियां, भजन मंडलियां और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव के तहत सामाजिक गतिविधियों को भी महत्व दिया गया है। 17 मार्च को महिलाओं के लिए कुकिंग प्रतियोगिता और बच्चों के लिए क्राफ्ट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिससे प्रतिभाओं को मंच मिल सके। समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
