पीलीबंगा। राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) उपशाखा पीलीबंगा ने उपखंड कार्यालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष में शिक्षा विभाग के कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति का विरोध जताते हुए सोमवार को तहसीलदार पीलीबंगा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन उपशाखाध्यक्ष हरजिंद्र सिंह के नेतृत्व में दिया गया। ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि शिक्षा विभाग के कार्मिकों को कंट्रोल रूम में लगाने के आदेश को तुरंत रद्द किया जाए। संगठन का कहना है कि वर्तमान समय में विद्यालयों में स्थानीय परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, वहीं बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन तथा सत्र 2026-27 के प्रवेशोत्सव के तहत सर्वे कार्य भी जारी है। ऐसे में शिक्षकों को गैर-शैक्षिक कार्यों में लगाने से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होगी। संगठन ने बताया कि हाल ही में उपखंड अधिकारी रावतसर द्वारा भी इसी प्रकार का प्रतिनियुक्ति आदेश जारी किया गया था, लेकिन शिक्षक संघ के विरोध के बाद वह आदेश वापस लेना पड़ा। इसके बावजूद पीलीबंगा में शिक्षा विभाग के कार्मिकों को विद्यालयों से हटाकर कंट्रोल रूम में लगाने के आदेश की संगठन ने कड़ी निंदा की है और उन्हें पुनः विद्यालयों में लगाने की मांग की है। संगठन के मंत्री रामप्रकाश सैनी ने कहा कि शिक्षा विभाग के निदेशक के स्पष्ट निर्देश हैं कि शिक्षकों को किसी भी प्रकार के गैर-शैक्षिक कार्य में नहीं लगाया जाए। इसके बावजूद उपखंड अधिकारी द्वारा शिक्षा विभाग के कार्मिकों को कंट्रोल रूम में लगाना खेदजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रतिनियुक्ति आदेश वापस नहीं लिया गया तो संगठन इस मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करवाते हुए आगामी दिनों में बड़ा आंदोलन करेगा। इस दौरान कपिल मुद्गल, सुनील सोनी तथा संगठन के जिला अध्यक्ष कमलेश बिश्नोई सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
