हनुमानगढ़। टाउन स्थित फोर्ट स्कूल ग्राउंड में सोमवार को ‘राजसखी मेले’ का भव्य शुभारंभ हुआ। यह मेला 29 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें खरीदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन की भरपूर व्यवस्था की गई है। मेले के उद्घाटन अवसर पर जनप्रतिनिधि अमित सहू, प्रदीप एरी तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओपी बिश्नोई विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए महिलाओं के हुनर की सराहना की।

मेले में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आई स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों की आकर्षक स्टॉल लगाई हैं। इन स्टॉलों पर हस्तशिल्प वस्तुएं, पारंपरिक परिधान, आभूषण, सजावटी सामान, खाद्य उत्पाद और घरेलू उपयोग की अनेक वस्तुएं उपलब्ध हैं। आयोजकों के अनुसार इस मेले का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। मेले को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी श्रृंखला तय की गई है। 24 मार्च को भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इसके अलावा 26 मार्च को बंजारा फ्यूजन बैंड द्वारा सूफी संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी, जबकि 28 मार्च को पंजाबी और राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोक संस्कृति की रंगारंग झलक देखने को मिलेगी। आयोजकों ने मेले में खरीदारी करने वाले लोगों के लिए विशेष ऑफर भी रखे हैं। 499 रुपये की खरीदारी पर बच्चों के लिए मुफ्त झूलों की सुविधा दी जा रही है। वहीं 999 रुपये और 1599 रुपये की खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए लकी ड्रॉ का आकर्षण भी रखा गया है। मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखने को मिली। आयोजकों का कहना है कि आने वाले दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक ऑफरों के चलते मेले में और अधिक रौनक देखने को मिलेगी।
