हनुमानगढ़। महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-4 एवं 6 की टीम ने हनुमानगढ़ टाउन स्थित बीएचडी पीजी कॉलेज में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया। सेमिनार में छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट में तैनात हेड कांस्टेबल सुमनबाला (एचसी-2140), महिला कांस्टेबल कृष्णा (909) एवं महिला कांस्टेबल सुनीता (397) ने छात्राओं को राजस्थान पुलिस के राजकोप सिटीजन ऐप की उपयोगिता के बारे में बताया और मौके पर ही ऐप डाउनलोड भी करवाया। पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि इस ऐप के माध्यम से वे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती हैं। सेमिनार में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के उद्देश्य, महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों, साइबर सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं ने भी कार्यक्रम में रुचि दिखाते हुए सुरक्षा संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस टीम ने विस्तार से उत्तर दिया।
