हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ, हनुमानगढ़ टाउन के तत्वावधान में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किड्स कैम्प स्कूल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसआरएम इंटरनेशनल स्कूल टाउन की गाइड गरिमा शर्मा को यूपीएससी (आईएएस) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संघ की उपप्रधान शकुंतला लांबा, उपप्रधान विमला शर्मा तथा उपप्रधान शकुंतला रानी और ट्रेनिंग काउंसलर अर्चना अरोड़ा ने गरिमा शर्मा को स्कार्फ पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

वक्ताओं ने कहा कि गरिमा शर्मा की यह उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता से यह साबित होता है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गरिमा शर्मा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में ट्रेनिंग काउंसलर भूपेंद्र कौशिक, दीपेंद्र कांत जोशी, किशोर चन्द बंसल और भूपेन्द्र लांबा भी मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। समारोह के दौरान उपस्थित सदस्यों ने गरिमा शर्मा की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
