“अखंड भारत–विशाल भारत” विषय पर हुई चर्चा, रक्तदान शिविर भी लगा
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ़ ग्राम पंचायत परिसर में रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (श्रीगंगानगर–हनुमानगढ़ चैप्टर) की ओर से “अखंड भारत–विशाल भारत” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के राष्ट्रीय सचिव एवं रिटायर्ड आईजी गिरीश चावला ने की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के साथ हुई।कार्यक्रम के दौरान मंच के जिलाध्यक्ष रविंद्र मोदी तथा पदाधिकारी विपुल अरोड़ा और राजेंद्र मुंजाल का अभिनंदन किया गया। ग्राम पंचायत चूनावढ़ के सरपंच राजेश चुग ने स्वागत भाषण में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए मंच का यह प्रयास सराहनीय है।

उन्होंने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष रविंद्र मोदी ने मंच के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन समाज के विभिन्न वर्गों में राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने निकट भविष्य में चूनावढ़ में आयोजित होने वाली “नो मोर पाकिस्तान – नार्को आतंकवाद” विषयक संगोष्ठी में अधिक से अधिक लोगों को भाग लेने और मंच से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय सचिव गिरीश चावला ने सीमावर्ती क्षेत्र के आमजन और युवाओं से देश की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने 1971 के युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य और सीमावर्ती गांवों के लोगों की बहादुरी को याद करते हुए पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को विफल करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने पिछले दस वर्षों में भारत की सामरिक शक्ति में हुई प्रगति, सड़क और रेलवे ढांचे में सुधार, तकनीकी उन्नति, भारतीय अर्थव्यवस्था के वैश्विक स्तर पर चौथे स्थान तक पहुंचने, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन द्वारा स्वदेशी हथियारों के विकास तथा ब्रह्मोस मिसाइल जैसी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए “अखंड भारत–विशाल भारत” के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की सुरक्षा सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और स्थानीय पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में अरोड़वंश वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राजपाल पपनेजा व उनकी टीम द्वारा अखंड भारत को समर्पित रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस मौके पर राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के पदाधिकारी राजेंद्र मुंजाल, सचिव अधिवक्ता विपुल अरोड़ा, भारत भूषण ठक्कर, कृष्ण सेतिया, सतपाल मुटनेजा, सुशील शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि राजेश चुग, सुखविंदर सिंह, बिट्टू कल्सी, काली खुराना, रामदेव, भूपेंद्र, सतीश, महेश, दीपक, एडवोकेट ओम रावल, गोपाल राठौड़, रिटायर्ड सचिव लाजपत खुराना सहित श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूनावढ़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन चाहर ने किया।
