– चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, युवा पीढ़ी तक विचार और सामाजिक चेतना पहुंचाने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। दिवंगत डॉ. बिजला सिंह चौहान की चौथी पुण्यतिथि के मौके पर शनिवार को टाउन स्थित जनशक्ति भवन में उनके नाम पर स्थापित पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया। इस दौरान आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सीटू से जुड़े मजदूरों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पुस्तकालय का उद्घाटन सीटू नेता आत्मा सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों के माध्यम से युवा पीढ़ी न केवल डॉ. बिजला सिंह चौहान बल्कि अन्य दिवंगत साथियों के जीवन, संघर्ष और विचारों से भी परिचित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जनशक्ति भवन हमेशा से किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और आमजन की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए सक्रिय रहा है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए पुस्तकालय की स्थापना की गई है, ताकि युवाओं को सकारात्मक दिशा मिल सके। इस मौके पर रघुवीर वर्मा ने कहा कि पुस्तकालय शुरू करने का मुख्य उद्देश्य लोगों तक डॉ. बिजला सिंह चौहान के विचारों को पहुंचाना और समाज में व्याप्त भेदभाव तथा सामाजिक मुद्दों के प्रति जनचेतना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यह कार्य किताबें सबसे प्रभावी ढंग से कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है। किताबें आज भी समाज को सही दिशा देने, विचारों को समृद्ध करने और जागरूक नागरिक तैयार करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने डॉ. बिजला सिंह चौहान के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
