हनुमानगढ़। शहर के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. राजीव सेतिया ने आमजन में देशभक्ति की भावना को प्रबल करने के लिए एक अनूठी मुहिम की शुरुआत की है। इस पहल के तहत डॉ. सेतिया ने लोगों से अपील की है कि वे अपने दैनिक अभिवादन में जय हिंद शब्द को शामिल करें और इसे जन-जन की जुबान पर लाने का प्रयास करें। डॉ. सेतिया ने कहा कि आमतौर पर जय हिंद जैसे शब्द सेना, पुलिस या अन्य सुरक्षा एजेंसियों तक सीमित रह गए हैं, जबकि यह हर भारतीय की गर्व और पहचान का प्रतीक होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि लोग अपने परिचितों और रिश्तेदारों से मिलते समय जय हिंद बेटा, जय हिंद भाई, जय हिंद अंकल या जय हिंद दोस्त जैसे संबोधन अपनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि दिनभर हमारी जुबान पर जय हिंद रहेगा, तो स्वाभाविक रूप से हमारे मन में देश के प्रति सम्मान, समर्पण और त्याग-बलिदान की भावना भी मजबूत होगी। डॉ. सेतिया ने कहा कि यह छोटी-सी शुरुआत समाज में बड़े बदलाव की दिशा में पहला कदम हो सकती है। डॉ. सेतिया ने स्पष्ट किया कि देशभक्ति केवल वर्दीधारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने स्तर पर राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण का भाव प्रकट करे। ‘जय हिंद बोलने की यह मुहिम इसी सोच को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी इस पहल को समाज के सभी वर्गांे से व्यापक समर्थन मिलेगा और जय हिंद एक बार फिर हर भारतीय के अभिवादन का अभिन्न हिस्सा बन जाएगा।
