संगरिया। क्षेत्र के राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय, ढाबां का कक्षा 10 का परिणाम इस वर्ष बेहद शानदार रहा। विद्यालय के छात्र अतुल कुमार ने 95.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया है। अतुल ने कुल 600 में से 573 अंक हासिल किए, जिसमें गणित विषय में उन्होंने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। विद्यालय से इस वर्ष कक्षा 10 की परीक्षा में कुल 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से अतुल कुमार, रमन, किशोर कुमार, रुद्र प्रताप सिंह और आदित्य कुमार ने सभी विषयों में डिस्टिंक्शन प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, यहां के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी आगे हैं। किशोर कुमार, अर्शदीप, हुश्नदीप सिंह, मनीषा, तारावंती और आदित्य ने हॉकी खेल में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया है विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




