– अभिषेक शर्मा हत्याकांड में कार्रवाई की मांग तेज, ग्रामीणों ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
हनुमानगढ़। भादरा क्षेत्र के ग्राम नेठराना में 11 वर्षीय बालक अभिषेक शर्मा की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों व संघर्ष समिति सदस्यों ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया कि तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। ग्रामीणों ने बताया कि 10 फरवरी को बालक की निर्मम हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया था। इस जघन्य वारदात के बाद से क्षेत्र में लगातार विरोध प्रदर्शन और आंदोलन जारी है। इस मामले की जांच में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी लगाए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। संघर्ष समिति के अनुसार इस मामले को लेकर गोगामेड़ी थाने पर कई बार बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए गए तथा लगभग 35 दिनों तक बेमियादी धरना भी दिया गया। इस दौरान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने उच्च अधिकारियों से भी संपर्क कर डीजीपी राजस्थान और बीकानेर रेंज आईजी को मामले से अवगत कराया, यहां तक कि घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया, इसके बावजूद जांच आगे नहीं बढ़ सकी। इससे पहले 30 मार्च को पुलिस अधीक्षक की ओर से 20 अप्रैल से पहले मामले के खुलासे का आश्वासन दिया गया था, जिसे बाद में 25 अप्रैल तक बढ़ाया गया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हो पाया। संघर्ष समिति के अनुसार लगातार देरी से क्षेत्र में जनाक्रोश बढ़ रहा है और पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा। संघर्ष समिति ने मांग की है कि मामले का शीघ्र और निष्पक्ष खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए तथा जांच में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो।
