हनुमानगढ़। जिले में बढ़ते अवैध नशा कारोबार के खिलाफ अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के बैनर तले मातृ शक्ति ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया और एसपी को ज्ञापन सौंपा। धरनास्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले के गांवों और मोहल्लों में चिट्टा सहित अन्य अवैध नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। नशे की लत के कारण लगातार लोगों की मौतें हो रही हैं और कई सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम नशा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद नशा कारोबारियों की पकड़ और मजबूत होती जा रही है। आमजन में यह धारणा बन रही है कि पुलिस और नशा तस्करों के बीच सांठगांठ हो सकती है, जिसे दूर करना जरूरी है। संगठन ने यह भी कहा कि जमीनी स्तर पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। साथ ही नशा कारोबार की सूचना देने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। महिला समिति ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान संगठन की महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की और बाद में एसपी को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर कमला मेघवाल, चन्द्रकला वर्मा, सर्वजीत कौर, दाखां देवी, संगीता, निर्मला, ममता, वीना, प्रियंका सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
