हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक के रूप में हाल ही में कार्यभार संभालने वाले एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने शुक्रवार को पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन का औचक दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की तथा पुलिसकर्मियों को कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना हवालात का जायजा लिया और वहां सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं रख-रखाव की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने थाना मेस का भी निरीक्षण किया।


एसपी मीना ने मेस में स्वयं भोजन कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया तथा संबंधित स्टाफ को साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान एसपी मीना ने थाना अधिकारियों एवं स्टाफ के साथ बैठक कर थाना क्षेत्र में होने वाले अपराधों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय हार्डकोर अपराधियों के बारे में जानकारी लेते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


साथ ही अपराधों की रोकथाम के लिए नियमित गश्त, निगरानी और खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि पेंडेंसी को प्राथमिकता के आधार पर कम किया जाए तथा मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन से बेहतर संवाद बनाए रखने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए सतर्कता से कार्य करने की भी हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सीओ सिटी हनुमानगढ़ मीनाक्षी तथा पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के थानाधिकारी रामचंद्र कस्वा सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
